Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘आप’ के Malvinder Kang ने कांग्रेस के विजयइंद्र सिंगला को 10,846 वोटों से हरा जीती श्री आनंदपुर साहिब की सीट

June 5, 2024

‘आप’ के Malvinder Kang ने कांग्रेस के विजयइंद्र सिंगला को 10,846 वोटों से हरा जीती श्री आनंदपुर साहिब की सीट

रूपनगर: श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मालविंदर सिंह कंग ने कांग्रेस के विजयइंद्र सिंगला से 10,846 वोट अधिक प्राप्त करने पर जीत हासिल की है। मालविंदर सिंह कंग को कुल 3,13,217 वोट पड़े, जबकि कांग्रेस पार्टी के विजयइंद्र सिंगला को 3,02,371 वोट पड़े। वहीं भारतीय जनता पार्टी के डॉ. सुभाष शर्मा को 1,86,578, शिरोमणि अकाली दल के प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा को 1,17,963 तथा बसपा के जसवीर सिंह गढ़ी को 90,157 वोट मिले। मालविंदर सिंह कंग और विजयइंद्र सिंगला में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली और अंत में मालविंदर कंग को 10,846 अधिक वोट पड़ने से उन्हें लोकसभा क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब से विजेता सांसद घोषित कर दिया गया।

गौरतलब है कि विजयइंद्र सिंगला पहले संगरूर से सांसद रह चुके हैं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। इसके अतिरिक्त प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा भी पहले भी श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं लेकिन आज उन्हें हार का सामना करना पड़ा। जीत के बाद मलविंदर ने परमात्मा का धन्यावाद किया। इसके अतिरिक्त पार्टी लीडरशिप, पार्टी के कार्यकर्ताओं तथा सभी वोटरों का धन्यावाद किया। इस मौके उनके साथ हलका विधायक रूपनगर एडवोकेट दिनेश चड्ढा भी मौजूद थे। आज वोटों की गिनती के लिए सभी पार्टियों के समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और वह आठ बजे से पहले ही सरकारी कॉलेज रूपनगर में अपने उम्मीदवारों के साथ पहुंचे थे। भारी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती शुरू हुई। चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर रूपनगर डॉ. प्रीति यादव भी अधिकारियों के साथ उपस्थित रही। इसके अतिरिक्त एस.एस.पी. रूपनगर गुलनीत सिंह खुराना भी अपने दल-बल के साथ मतगणना से पहले ही वहां पहुंच गए थे।

आज वोटों की गिनती का दौर जब शुरू हुआ तो आप पार्टी के उम्मीदवार मालविंदर सिंह कंग व कांग्रेस पार्टी के विजयइंद्र सिंगला के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सुबह से ही आप पार्टी के कंग आगे चल रहे थे। शुरू में कंग व सिंगला के बीच वोटों का अंतर कुछ अधिक नहीं था लेकिन देखते ही देखते ये अंतर हजारों में पहुंच गया। जैसे ही मालविंदर सिंह कंग को विजेता घोषित किया गया तो बाहर उनके समर्थकों में खुशी लहर दौड़ गई। दूसरी ओर मुख्य पार्टियों में शामिल कांग्रेस, शिअद व बसपा पार्टी के समर्थकों में मायूसी छा गई और कांग्रेस पार्टी के समर्थक काफी हताश नजर आए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें