AAP’s protest against the BJP : जालंधर। पंजाब भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया के कार्यक्रम से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। लायंस क्लब के बाहर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए सज्जन कुमार मामले को लेकर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया और प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल से दूर रखा। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है, ताकि किसी भी प्रकार का माहौल खराब ना हो सके। लेकिन हाथों में तख्तियां लेकर आप नेता सज्जन सिंह मामले में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे है। तख्तियों पर लिखा है कि कांग्रेस कात्ल और भाजपा हमदर्द।
दरअसल, 1984 के सिख विरोधी दंगों के सजायाफ्ता दोषी और पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार के निधन पर उनके घर जाकर शोक व्यक्त करना भारतीय जनता पार्टी के 3 सांसदों को भारी पड़ गया। हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, उत्तर पश्चिम दिल्ली से सांसद योगेंद्र चंदोलिया और पश्चिम दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत को तलब कर कड़ी फटकार लगाई थी और भविष्य में ऐसी अनुशासनहीनता नहीं दोहराने की सख्त हिदायत दी थी। लेकिन इस मामले को लेकर पंजाब में आप पार्टी द्वारा भाजपा के खिलाफ जमकर विरोध किया जा रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए आप नेता ने कहाकि भाजपा का दोहरा चेहरा अब जनता के सामने आ गया। उन्होंने कहा कि सिखों के कातिल सज्जन कुमार के निधन पर भाजपा के 3 सासंद उनके घर में शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। इस मामले को लेकर पंजाबियों में भारी रोष पाया जा रहा है। दरअसल, एक ओर भाजपा पंजाब के सिखों के प्रति हमदर्दी दिखा रही है और दूसरी तरफ भाजपा के सासंद सिखों के कातिल के घर जाकर शोक व्यक्त कर रहे है। इसी को लेकर आज आप पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

