Site icon Dainik Savera Times

वार्ड नंबर 7 में ‘आप’ को मिला बड़ा समर्थन, कांग्रेस-अकाली दल छोड़ करीब 50 परिवार आम आदमी पार्टी में शामिल

मोगा: आम आदमी पार्टी के लिए मोगा में उस समय बड़ी राजनीतिक बढ़त देखने को मिली, जब वार्ड नंबर 7 से कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल से जुड़े करीब 50 परिवारों ने अपने पुराने राजनीतिक दलों को अलविदा कहकर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। पार्टी में शामिल हुए परिवारों का विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और सीनियर डिप्टी मेयर राकेश बजाज काला ने सिरोपे भेंट कर स्वागत किया।इस मौके पर वार्ड नंबर 7 से गुरबचन सिंह गिल को वार्ड इंचार्ज की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

पार्टी नेताओं ने नवनियुक्त वार्ड इंचार्ज और नए सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उनके जुड़ने से वार्ड में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी। सीनियर डिप्टी मेयर राकेश बजाज काला ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लगातार लोगों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सफाई, सड़क, गलियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि मोगा विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के नेतृत्व में विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। शहर के अलग-अलग वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।राकेश बजाज काला ने कहा कि सरकार की ओर से नशे के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करी और समाज विरोधी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों को लोगों का समर्थन मिल रहा है।

आम आदमी पार्टी में शामिल हुए परिवारों ने कहा कि वे पार्टी की नीतियों और सरकार की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित हैं। इसी कारण उन्होंने आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने पार्टी की मजबूती के लिए पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम करने का भरोसा दिलाया।

पार्टी नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में मोगा के विभिन्न क्षेत्रों से और भी लोग आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि लगातार हो रही राजनीतिक शमूलियतों से पार्टी का संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत हो रहा है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version