जालंधर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जालंधर इकाई की ओर से मेधावी विद्यार्थियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के 30 से अधिक स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों से जुड़े 340 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों की मेहनत को पहचान देना और उन्हें आगे भी पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इसके साथ ही युवाओं को नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी, अच्छे संस्कार और देश के प्रति अपने दायित्व को समझने का संदेश दिया गया।
सुशील कुमार रिंकू रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा और लघु उद्योग भारती की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा धूमल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं एबीवीपी के प्रदेश मंत्री जसकरण भुल्लर विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को मेहनत जारी रखने का संदेश
जसकरण भुल्लर ने सम्मान पाने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों की प्रतिभा को पहचान दिलाने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने वाली इस पहल के लिए एबीवीपी की सराहना की।
सीमा धूमल ने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन और लगातार मेहनत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को महत्व देने की अपील की। साथ ही सफलता मिलने के बाद भी विनम्र रहने का संदेश दिया। सुशील शर्मा ने कहा कि होनहार छात्रों को सम्मान मिलने से दूसरे विद्यार्थियों को भी मेहनत करने और अपने लिए बड़े लक्ष्य तय करने की प्रेरणा मिलती है।
देश और समाज के लिए काम करने की अपील
मुख्य अतिथि सुशील कुमार रिंकू ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों और उनके परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवा देश की ताकत और भविष्य हैं। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा का इस्तेमाल सिर्फ व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि समाज की बेहतरी में भी योगदान देना चाहिए। उन्होंने छात्रों से नैतिक मूल्यों को अपनाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और देश के प्रति जिम्मेदारी को समझने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक, शिक्षक, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और एबीवीपी कार्यकर्ता भी शामिल हुए। कार्यक्रम में एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री शमशेर सिंह चौहान, प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. पंकज बग्गा, प्रांत सह मंत्री अंकित कुंद्रा, विभाग संगठन मंत्री निर्देश खजूरिया, जालंधर महानगर अध्यक्ष संदीप कुमार और महानगर मंत्री गुरवीर सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा अंशिका नैयर, ऊर्वी राठौर, पलक शर्मा, अंजलि पाठक, मोहिनी, विशेष्वर और मोहम्मद माफुल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में भाग लिया। एबीवीपी जालंधर ने इस आयोजन के जरिए विद्यार्थियों की प्रतिभा को सम्मान देने और युवाओं को शिक्षा के साथ समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।