Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

पटियाला में बड़ा हादसा: भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक टूटा, दो ट्रक पुल में धंसे, एक में लगी आग

November 19, 2026

पटियाला में बड़ा हादसा: भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक टूटा, दो ट्रक पुल में धंसे, एक में लगी आग

पटियाला: जिले से गुरुवार को एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जहां, पटियाला-संगरूर बाईपास पर गांव पसियाना के पास भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक टूट गया। हादसा उस समय हुआ, जब पुल के ऊपर से वाहन गुजर रहे थे। पुल का एक हिस्सा अचानक नीचे गिर गया, जिससे वहां से गुजर रहे दो ट्रक टूटे हुए हिस्से में फंस गए। इस दौरान एक ट्रक में आग भी लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अचानक टूटकर नीचे गिरा पुल, दो ट्रक फंसे
जानकारी के मुताबिक, पटियाला-संगरूर बाईपास पर गांव पसियाना के पास भाखड़ा नहर पर बना यह पुल लोहे का था। गुरुवार को अचानक पुल का एक हिस्सा टूट गया। उस समय पुल से दो ट्रक गुजर रहे थे। पुल टूटते ही दोनों ट्रक उसके टूटे हुए हिस्से में धंस गए।

हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रक चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुल टूटने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुल की टूटी हुई हालत और फंसे हुए ट्रक दिखाई दे रहे हैं।

एक ट्रक में लगी आग, दमकल विभाग ने पाया काबू
पुल टूटने के बाद हादसे में फंसे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के कारण बाईपास पर यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है।

पुल टूटने की वजह अभी साफ नहीं
भाखड़ा नहर पर बने लोहे के पुल के अचानक टूटने के पीछे क्या कारण रहा, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। यह पुल किस वजह से टूटा और क्या इसके कमजोर होने की पहले से कोई शिकायत थी, इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे। वहीं, इस हादसे में किसी की मौत हुई है या कोई घायल हुआ है, इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

फाजिल्का में भी हुआ था दर्दनाक सड़क हादसा, पांच लोगों की मौत
पंजाब में इससे पहले फाजिल्का जिले में भी एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया था। यहां दो गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए थे। जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ियों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि क्रूजर SUV बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में तीन बच्चों की भी हुई थी मौत
हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल में कुल 16 लोगों को लाया गया था। इनमें से पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल थे। इस हादसे में 11 लोग घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया था। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। फिलहाल पटियाला में भाखड़ा नहर पर पुल टूटने की घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और पुलों की मजबूती को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें