Site icon Dainik Savera Times

अचीवर्स ग्रुप ने संभाला जालंधर जिमखाना क्लब का कार्यभार

Achievers Group takes charge : जालंधर। जिमखाना क्लब के 2026 चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद अचीवर्स ग्रुप ने शुक्रवार को आधिकारिक रूप से क्लब की कमान संभाल ली। चारों प्रमुख पदों के साथ 10 में से 8 कार्यकारी सदस्य सीटें जीतने वाली नई टीम ने क्लब के विकास, बेहतर सुविधाओं और सदस्यों के हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

अचीवर्स ग्रुप ने चुनाव में चारों प्रमुख पदाधिकारी पदों पर जीत हासिल की, जबकि 10 में से 8 कार्यकारी सदस्य सीटें भी अपने नाम कीं। धीरज सेठ जूनियर वाइस प्रेसिडेंट, अमित कुकरेजा मानद सचिव, हरप्रीत सिंह ‘गोल्डी’ संयुक्त सचिव और सौरभ खुल्लर कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। वहीं, शालिनी कालरा, नितिन बहल, जुबिन शंगारी, मोहिंदर सिंह, अतुल तलवार, विनी शर्मा धवन, एम.बी. बाली और राजीव बंसल कार्यकारी सदस्य चुने गए। कार्यभार संभालने के कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी जालंधर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली ने नवनिर्वाचित टीम और क्लब सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई टीम क्लब को रचनात्मक और समावेशी तरीके से आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सदस्यों की समस्याओं और सुझावों को प्राथमिकता देते हुए क्लब की सुविधाओं, गतिविधियों और वातावरण को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। कोहली ने कहा कि चुनाव अब समाप्त हो चुके हैं और सभी समूहों को क्लब के व्यापक हित में मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने सरकार की ओर से नियमों के तहत क्लब के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्लब सदस्य, समर्थक और शुभचिंतक मौजूद रहे। नवनिर्वाचित टीम ने सभी सदस्यों का विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त करते हुए क्लब के निरंतर विकास का भरोसा दिलाया।

Exit mobile version