लुधियाना: न्यू मोहर सिंह नगर, हरगोबिंद नगर रोड पर मंगलवार दोपहर विधायक अशोक पराशर पप्पी के ऑफिस के निकट तेज रफ्तार एक्टिवा ने सामने से आ रही दो दोस्तों की ईवी स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त हरमीत गंभीर घायल हो गया। हादसे के समय मृतक जय कर्ण उर्फ बब्लू अपने दोस्त के साथ बाजार से सामान लेकर लौट रहा था। हादसे के बाद आरोपी युवक एक्टिवा वहीं छोड़कर फरार हो गया। घायल को सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना डिविजन नंबर 2 की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया है। पुलिस मामले की जांच आकर रही है।
जानकारी के मुताबिक 33 फुटा रोड, हरजाप नगर का रहने वाला मृतक जयकर्ण मंगलवार को अपने दोस्त हरमीत के साथ बाजार गया था। बाजार से सामान खरीदने के बाद दोनों ईवी स्कूटर पर घर वापस जा रहे थे। न्यू मोहर सिंह नगर में हरगोबिंद नगर रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार एक्टिवा ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे जयकर्ण और हरमीत गंभीर घायल हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जयकर्ण को मृत घोषित कर दिया, जबकि हालत गंभीर होने पर हरमीत को सी.एम.सी. अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जयकर्ण उर्फ बब्लू अपने पीछे पत्नी और 2 बेटियां व एक बेटा छोड़ गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है। शव का बुधवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

