Site icon Dainik Savera Times

ट्रेडर्स कमीशन की बैठक में एडीसी ने किया 150 शिकायतों का निपटारा

पटियाला: पटियाला जिले के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ए.डी.सी. सिमरप्रीत कौर की अगुवाई में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान 150 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया। बैठक में पंजाब ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य संजीव गुप्ता, पटियाला जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन विनोद सिंगला और वाइस चेयरमैन गुरप्रीत सिंह धमौली सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के ट्रेडर्स कमीशनों के चेयरमैन, एस.डी.एम., विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारी समुदाय के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

ए.डी.सी. सिमरप्रीत कौर ने बताया कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निदेर्शों के अनुसार व्यापारियों को आ रही समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले भर में विधानसभा क्षेत्रवार आयोजित बैठकों के दौरान लगभग 216 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से आज 150 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया है। इसके अलावा 13 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है और 46 शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गई हैं, जबकि बाकी शिकायतों का भी जल्द समाधान किया जाएगा।

इस मौके पर आप के राज्य सचिव एवं पंजाब ट्रेडर्स कमीशन के सदस्य संजीव गुप्ता, चेयरमैन विनोद सिंगला और वाइस चेयरमैन गुरप्रीत सिंह धमौली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार व्यापारियों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विधानसभा क्षेत्र स्तर पर ट्रेडर्स कमीशन का गठन किया गया है। गुरप्रीत सिंह धमौली ने कहा कि कमीशन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना है ताकि व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सुचारू बनाया जा सके।

उन्होंने व्यापारी समुदाय से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ट्रेडर्स कमीशन से सीधे संपर्क करें, ताकि उनकी मांगों का शीघ्र निपटारा किया जा सके। बैठक के दौरान पटियाला देहाती से चरणजीत सिंह एस.के., राजपुरा से टिंकू बंसल, पटियाला शहरी से पुनीत बुधीराजा, समाना से राजेश छाबड़ा, सनौर से वेद प्रकाश सहित एस.पी. सिटी पलविंदर सिंह चीमा, सहायक आयुक्त (राजस्व) गुरसिमर कौर, सभी एस.डी.एम. तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Exit mobile version