Site icon Dainik Savera Times

जनगणना-2027 के लिए प्रशासन ने शुरू की तैयारी, 16 नवंबर से स्व-गणना

Administration Begins Preparations for Census 2027 : मोगा। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने जिलेवासियों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने और सही जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की है।

पहले चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना होगी, जबकि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश के भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों का आधार है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इस प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे और सही व पूरी जानकारी उपलब्ध करवाए। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जनगणना-2027 के तहत पहले चरण में 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

इस दौरान नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस अवधि में गणना कर्मचारी घर-घर जाकर परिवारों से आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। उन्होंने कहा कि स्व-गणना करते समय नागरिकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और परिवार से संबंधित सभी विवरण सही तरीके से दर्ज करने चाहिए।

जब जनगणना कर्मचारी घरों में पहुंचें तो उन्हें मांगी गई जानकारी पूरी ईमानदारी और स्पष्टता के साथ उपलब्ध करवाई जाए, ताकि जनगणना के आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। सागर सेतिया ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों का आकलन करने में मदद करते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाओं और संसाधनों का बेहतर नियोजन किया जाता है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे जनगणना-2027 से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग देकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।

Exit mobile version