Site icon Dainik Savera Times

वकीलों की मांगों को पंजाब सरकार तक पहुंचाकर हल करवाने के लिए करेंगे प्रयास: ज्ञान सिंह मंगू

मोगा: आम आदमी पार्टी के लीगल विंग पंजाब के स्टेट प्रधान एडवोकेट ज्ञान सिंह मंगू ने मंगलवार को मोगा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और वकील भाईचारे के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने वकीलों की समस्याओं और विभिन्न मांगों के बारे में विस्तार से जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि इन मांगों को पंजाब सरकार के समक्ष उठाकर इनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।

एडवोकेट ज्ञान सिंह मंगू ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से विभिन्न वर्गों के साथ बैठकें कर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं। इसी कड़ी के तहत वह पंजाब की अलग-अलग बार एसोसिएशनों में जाकर वकील समुदाय की समस्याओं और मांगों को समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वकीलों की जायज मांगों को एकत्रित कर सरकार के समक्ष व्यवस्थित तरीके से रखना है।

उन्होंने कहा कि मोगा बार एसोसिएशन की ओर से कई महत्वपूर्ण मांगें उनके सामने रखी गई हैं। इनमें एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना, वकील की मृत्यु के बाद मिलने वाली सहायता राशि में बढ़ोतरी, बार काउंसिल के वेलफेयर फंड में पंजाब सरकार की ओर से अतिरिक्त राशि उपलब्ध करवाना, वकीलों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस स्कीम लागू करना तथा टोल प्लाजा पर वकीलों को भी निर्धारित सुविधा देने की मांग शामिल है।

ज्ञान सिंह मंगू ने बताया कि वकीलों की ओर से चैंबरों के निर्माण के लिए मैचिंग ग्रांट की मांग भी रखी गई है। इसके तहत सब-डिवीजन स्तर की बार एसोसिएशनों के लिए 50 लाख रुपये और जिला बार एसोसिएशनों के लिए एक करोड़ रुपये की मैचिंग ग्रांट देने की मांग की जा रही है। इसके अलावा रेवेन्यू एक्ट से संबंधित कुछ समस्याओं को दूर करने तथा कमर्शियल से डोमेस्टिक श्रेणी में बदलाव से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग भी उनके सामने रखी गई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी मांग को तुरंत पूरा करवाने का दावा नहीं कर रहे, बल्कि पंजाब के वकील समुदाय की जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए मिलकर प्रयास करने आए हैं। उन्होंने कहा कि सभी बार एसोसिएशनों और वकील समुदाय को साथ लेकर इन मांगों के लिए सरकार के समक्ष मजबूती से पक्ष रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि वकीलों की मांगों को लेकर एडवोकेट जनरल सहित संबंधित स्तर पर भी चर्चा की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों से वकील समुदाय की जायज मांगों को सरकार से मंजूर करवाने की दिशा में सकारात्मक प्रगति होगी।

इस मौके पर मोगा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एडवोकेट ज्ञान सिंह मंगू का स्वागत किया और उन्हें वकील समुदाय की समस्याओं से अवगत करवाया। बैठक में बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वकील मौजूद रहे।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version