Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

NDA की तैयारी के लिए AFPI मोहाली में मुफ्त प्रशिक्षण, 1 अक्टूबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

September 23, 2026

NDA की तैयारी के लिए AFPI मोहाली में मुफ्त प्रशिक्षण, 1 अक्टूबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

मोगा: राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में प्रवेश की तैयारी करने के इच्छुक लड़कों के लिए महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एएफपीआई), मोहाली की ओर से मुफ्त प्रारंभिक लिखित एवं शारीरिक प्रशिक्षण के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण अधिकारी जीवनदीप सिंह ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 1 अक्टूबर 2026 से 15 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 3 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि एएफपीआई में प्रवेश के लिए उम्मीदवार को मैट्रिक स्तर की अंग्रेजी, गणित और सामाजिक अध्ययन विषयों पर आधारित लिखित प्रवेश परीक्षा पास करनी होगी। परीक्षा सीबीएसई पैटर्न के आधार पर होगी। उम्मीदवार का पंजाब का निवासी होना अनिवार्य है तथा उसकी जन्मतिथि 2 जनवरी 2010 से पहले की नहीं होनी चाहिए।

जीवनदीप सिंह ने बताया कि वर्तमान में दसवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी इस प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 11वीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी भी आवेदन के पात्र होंगे। हालांकि, ऐसे विद्यार्थियों को एएफपीआई में 11वीं कक्षा में ही प्रवेश दिया जाएगा और उन्हें निर्धारित आयु संबंधी मापदंड पूरे करने होंगे।

उन्होंने जिले के योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एएफपीआई की ओर से दी जाने वाली मुफ्त लिखित एवं फिजिकल ट्रेनिंग विद्यार्थियों को एनडीए में प्रवेश के लिए बेहतर तैयारी करने में सहायक होगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें