Site icon Dainik Savera Times

17 घंटे के बवाल के बाद LPU में हालात सामान्य; हाईवे पर लौटी आवाजाही, 10 दिन के लिए कक्षाएं स्थगित

जालंधर : लवली प्रोफैशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में रविवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद सोमवार सुबह हालात नियंत्रण में रहे। यूनिवर्सिटी के बाहर दिल्ली-अमृतसर नैशनल हाईवे-44 पर यातायात सामान्य हो गया, जबकि कैंपस और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को एलपीयू पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली।

कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। हिंसा के बाद प्रशासन ने एलपीयू और आसपास के क्षेत्र में इंटरनैट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अपुष्ट वीडियो और संदेशों के प्रसार से स्थिति दोबारा न बिगड़े, इसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।हिंसा के बाद एलपीयू ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगले आदेश तक टाल दी गई हैं। यूनिवर्सिटी ने छात्रों को अभिभावकों की सहमति से अपने घर जाने की अनुमति दी है। कैंपस में रुकने वाले छात्रों को हॉस्टल या अपने निवास स्थान पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र अपने घरों के लिए रवाना हुए।

Exit mobile version