Site icon Dainik Savera Times

20 हजार रिश्वत लेते पासपोर्ट एजेंट गिरफ्तार

Agent Caught Taking ₹20,000 Bribe : जालंधर। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर में एक प्राइवेट पासपोर्ट एजेंट हरदीप कौर को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों से कथित जान-पहचान के आधार पर जल्द पासपोर्ट जारी करवाने के बदले रिश्वत मांग रही थी। मामले में दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है।

आरोप है कि वह पासपोर्ट कार्यालय जालंधर के अधिकारियों से कथित जान-पहचान के आधार पर शिकायतकर्ता का पासपोर्ट जल्द जारी करवाने के बदले रिश्वत मांग रही थी। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, गांव कंडोला खुर्द, तहसील फिल्लौर निवासी महिला ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। उसकी पुलिस वेरिफिकेशन पूरी हो चुकी थी। जब वह मूल दस्तावेज लेकर पासपोर्ट कार्यालय पहुंची तो संबंधित कर्मचारी ने वेरिफिकेशन पूरी न होने की बात कही। कार्यालय से बाहर आने के बाद पासपोर्ट कार्यालय के पास एक बूथ के बाहर दो प्राइवेट एजेंटों एनपी सिंह और हरदीप कौर ने उससे संपर्क किया।

आरोप है कि दोनों ने पासपोर्ट अधिकारी के माध्यम से बिना पुलिस वेरिफिकेशन के जल्द पासपोर्ट जारी करवाने के लिए 35 हजार रुपये मांगे। शिकायतकर्ता ने बातचीत रिकॉर्ड कर ली और रिश्वत देने से इनकार करते हुए विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर से शिकायत की। शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया और हरदीप कौर को 20 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। दूसरे आरोपी नरेंद्र पाल सिंह उर्फ एनपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। विजिलेंस ने भ्रष्टाचार रोकू कानून के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

Exit mobile version