Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

CRM योजना के तहत कृषि मशीनरी के लिए लाभार्थियों का चयन, DC ने पराली न जलाने की अपील की

August 20, 2026

CRM योजना के तहत कृषि मशीनरी के लिए लाभार्थियों का चयन, DC ने पराली न जलाने की अपील की

बठिंडा : जिला प्रशासनिक परिसर के मीटिंग हॉल में क्रॉप रेजिड्यू मैनेजमेंट (CRM) योजना 2026-27 के तहत कृषि मशीनरी के लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान की मौजूदगी में किसानों और सहकारी समितियों से प्राप्त आवेदनों में से सफल आवेदकों का चयन ड्रॉ के जरिए किया गया।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी उपलब्ध कराई जा रही है। इन मशीनों की मदद से किसान धान की कटाई के बाद खेत में बचे फसल अवशेषों का उचित तरीके से प्रबंधन कर सकेंगे।

पराली न जलाने की अपील

डीसी राजेश धीमान ने किसानों से अपील की कि धान की कटाई के बाद खेतों में पराली को आग न लगाएं। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से हवा प्रदूषित होती है और इसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसके अलावा आग लगाने से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है और जमीन में मौजूद लाभदायक सूक्ष्मजीव भी नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि उपलब्ध कृषि मशीनरी का इस्तेमाल करते हुए पराली का खेत में ही उचित प्रबंधन करें और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में सहयोग दें।

पारदर्शी तरीके से हुआ लाभार्थियों का चयन

मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. हरप्रीत पाल कौर ने बताया कि CRM योजना के तहत 22 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक किसानों और संबंधित संस्थाओं से मशीनरी के लिए आवेदन प्राप्त किए गए थे। जिला स्तरीय कार्यकारी समिति और किसानों की मौजूदगी में ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से सफल लाभार्थियों का चयन किया गया।

उन्होंने बताया कि अब संबंधित ब्लॉक कृषि कार्यालयों में चुने गए आवेदकों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र लाभार्थियों को मशीनरी खरीदने के लिए ऑनलाइन स्वीकृति पत्र जारी किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें