Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब की जेलों में नशीले पदार्थों और मोबाइल के इस्तेमाल पर लगाम लगाने के लिए AI निगरानी की जाएगी

May 16, 2025

पंजाब की जेलों में नशीले पदार्थों और मोबाइल के इस्तेमाल पर लगाम लगाने के लिए AI निगरानी की जाएगी

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पंजाब की जेलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित अत्याधुनिक कैमरे लगाने का महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

इस पहल से राज्य की जेलों में अवैध नशीली दवाओं के उपयोग और मोबाइल फोन के उपयोग सहित विभिन्न गतिविधियों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा सकेगी। पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज रूपनगर और कपूरथला की केंद्रीय जेलों का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की जेलों में मोबाइल फोन के अवैध प्रयोग और आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है और पंजाब की जेलों को नवीनतम सुरक्षा उपकरणों से लैस कर रही है।

जेल मंत्री ने अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या कैदी जेल में नशीले पदार्थों का प्रयोग या आपूर्ति करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जेलों में नशीले पदार्थों, मोबाइल फोन तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री पर पूर्ण नियंत्रण रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जेलों से आपराधिक गतिविधियों को खत्म करने की वचनबद्धता की पुष्टि करते हुए सरदार लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि राज्य की सभी जेलों में जैमर लगाए जा रहे हैं और मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद समूची प्रक्रिया मुकम्मल हो गई है।

कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संगरूर जेल में गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल अधिकारियों के खिलाफ हाल ही में सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने राज्य के समस्त जेल कर्मचारियों से भी आग्रह किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण के साथ करें।

लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मान सरकार कैदियों को अच्छे नागरिक बनाने के लिए उनके पुनर्वास की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार कैदियों को रचनात्मक नागरिक के रूप में समाज की मुख्यधारा में पुनः शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अपने दौरे के दौरान कैबिनेट मंत्री ने जेलों का गहन निरीक्षण किया, कैदियों की समस्याएं सुनीं तथा जेलों के अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं, खान-पान व अन्य सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की।

स. भुल्लर ने महिला कैदियों सहित अन्य कैदियों की समस्याएं सुनीं तथा कपूरथला जेल फैक्टरी में कैदियों द्वारा तैयार किए गए सामान का जायजा लिया तथा जेल में तैयार किए गए खेल स्टेडियम का उद्घाटन भी किया।

ये भी पढ़ें: भारत और चीन में एयर कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा, इंडिगो ने कोलकाता-शंघाई के बीच नॉन-स्टॉप उड़ान की शुरू

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें