चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में हरियाणा सरकार ने महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को सुशासन एवं जनकल्याण का नया माध्यम बनाने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल एल्गोरिद्म, ऑटोमेशन या डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन का विषय नहीं है बल्कि यह शासन को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाने का सशक्त माध्यम है।
हरियाणा में एआई को अंत्योदय की भावना से जोड़ा गया है ताकि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने हाल ही में हरियाणा एआई सैंडबॉक्स का शुभारंभ किया। हरियाणा, विकसित भारत की यात्रा में एक सशक्त और निरंतर कार्यरत ग्रोथ इंजन की भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एआई हरियाणा, एआई गवर्नेंस और एआई फॉर अंत्योदय प्रशासन के नए युग की आधारशिला बनेंगे और नागरिक-केंद्रित शासन को नई दिशा देंगे।

