Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

हलवारा एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के विमान में आई तकनीकी खराबी, 4 घंटे लेट हुई दिल्ली की उड़ान

August 9, 2026

हलवारा एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के विमान में आई तकनीकी खराबी, 4 घंटे लेट हुई दिल्ली की उड़ान

लुधियाना: हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान AI-484 को शनिवार दोपहर तकनीकी खराबी के कारण करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। विमान में कुल 57 यात्री सवार थे, जिनमें से 27 यात्रियों ने लंबी देरी के चलते अपनी यात्रा रद्द कर दी।

जानकारी के अनुसार, विमान उड़ान भरने से कुछ समय पहले रनवे की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान विमान से अचानक तेज आवाज सुनाई दी। हलवारा एयरपोर्ट के निदेशक जागीर सिंह ने बताया कि आवाज सुनने के बाद पायलट ने विमान को आगे ले जाने के बजाय वापस एप्रन पर लाने का फैसला किया।

तकनीकी गड़बड़ी का पता चलने के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया। यात्रियों को बस के माध्यम से सुरक्षित रूप से टर्मिनल भवन पहुंचाया गया। इसके बाद विमान की तकनीकी जांच और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। करीब 4 घंटे की देरी के बाद उड़ान अंततः शाम 7 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई, जबकि यह उड़ान सामान्य तौर पर हलवारा एयरपोर्ट से दोपहर करीब 2:40 बजे रवाना होती है।

देरी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई यात्री एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे। हालांकि, एयर इंडिया और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के अधिकारियों ने विमान में आई तकनीकी खराबी और उड़ान से पहले सुनाई दी तेज आवाज के कारणों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार कर दिया।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें