
Airport Holds Passenger Service and Cleanliness Drives : अमृतसर। श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर में यात्री सेवा अभियान–2026 एवं स्वच्छता ही सेवा–2026 के अंतर्गत आज विभिन्न यात्री सुविधा एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया।
यात्री सेवा अभियान–2026 का नेतृत्व एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने प्रचालन प्रभारी श्री रविंदर कुमार के साथ किया। इस दौरान सिटी साइड एवं पार्किंग लेन का निरीक्षण कर स्वच्छता, साफ-सफाई एवं रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए गए।
इसी क्रम में स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के अंतर्गत आज कार्गो परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान कार्गो प्रभारी श्री आज़ाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इन पहलों के माध्यम से एयरपोर्ट परिसर में स्वच्छता, बेहतर रखरखाव एवं यात्री सुविधा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को और सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।