Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में सुधार, महिला शौचालय से QR कोड फीडबैक तक कई पहल

Airport Upgrades Passenger Facilities Under Service Campaign 2026 : अमृतसर। श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चले यात्री सेवा अभियान–2026 के तहत यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए। महिला शौचालय की नई सुविधा, मनोरंजन क्षेत्र की शुरुआत, बैठने की व्यवस्था की मरम्मत, संकेतक प्रणाली में सुधार और QR कोड आधारित फीडबैक व्यवस्था लागू की गई। एयरपोर्ट निदेशक ए.के. शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक हवाई यात्रा अनुभव प्रदान करना रहा।

इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य हवाई अड्डे की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना, यात्री सुविधाओं का उन्नयन करना, परिसर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना तथा यात्रियों की शिकायतों और सुझावों के आधार पर सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना रहा। यह अभियान हवाई अड्डा निदेशक श्री ए.के. शर्मा के नेतृत्व में संचालित किया गया। इसके सफल क्रियान्वयन में प्रचालन प्रभारी श्री रविंदर कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान के दौरान यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुगमता, संकेतक प्रणाली, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधाओं तथा यात्री फीडबैक एवं शिकायत निवारण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

अभियान के अंतर्गत अमृतसर हवाई अड्डे पर की गई प्रमुख गतिविधियाँ एवं उनसे संबंधित सुधार :

1. बीएमए क्षेत्र में नई महिला शौचालय सुविधा
2. हवाई अड्डे के विभिन्न क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण
3. हवाई अड्डे की संकेतक प्रणाली में सुधार
4. सिक्योरिटी होल्ड एरिया में यात्री मनोरंजन क्षेत्र की शुरुआत
5. यात्री बैठने की व्यवस्था एवं सोफों की मरम्मत
6. सिटी साइड की ड्रॉप एवं पिक-अप लेन की मरम्मत
7. सिटी साइड पर पेयजल सुविधाओं की मरम्मत एवं पेंटिंग
8. यात्री शिकायतों का प्रभावी निवारण
9. क्यूआर कोड आधारित यात्री फीडबैक प्रणाली की शुरुआत

अभियान का समग्र प्रभाव

17 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक संचालित यात्री सेवा अभियान के अंतर्गत की गई इन पहलों ने अमृतसर हवाई अड्डे पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन, आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव, परिसर के सौंदर्यीकरण तथा यात्री फीडबैक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। महिला यात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार, मनोरंजन क्षेत्र की शुरुआत, बैठने की व्यवस्था की मरम्मत, सिटी साइड की सुविधाओं का रखरखाव तथा डिजिटल फीडबैक प्रणाली जैसे प्रयास यात्रियों की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर किए गए।

ये गतिविधियाँ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की यात्री-केंद्रित सेवाओं, बेहतर सुविधाओं एवं उत्कृष्ट यात्री अनुभव के प्रति प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती हैं। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यात्रियों की सुविधा, उनकी प्रतिक्रिया का सम्मान तथा सेवाओं में निरंतर सुधार हवाई अड्डे के संचालन एवं सेवा संस्कृति के महत्वपूर्ण अंग हैं। यात्री सेवा अभियान–2026 का समापन 10 अक्टूबर 2026 को इस संकल्प के साथ किया जा रहा है कि अभियान के दौरान किए गए सुधारों को बनाए रखने तथा यात्रियों को अधिक सुगम, आरामदायक एवं स्वागतपूर्ण हवाई यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Exit mobile version