Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

अकाल तख्त साहिब की बैठक आज, दो ग्रंथियों की नियुक्ति, संग्रहालय में खालिस्तान समर्थकों की तस्वीरें लगाने पर होगी चर्चा

July 15, 2024

अकाल तख्त साहिब की बैठक आज, दो ग्रंथियों की नियुक्ति, संग्रहालय में खालिस्तान समर्थकों की तस्वीरें लगाने पर होगी चर्चा

अमृतसर : अमृतसर स्थित सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब में आज यानी सोमवार को पांचों तख्तों के जत्थेदारों की बैठक होने जा रही है। इस बैठक से पहले श्री हरिमंदिर साहिब के दो नवनियुक्त ग्रंथियों का ‘सेवा संभाल कार्यक्रम’ भी होगा। इसमें श्री दमदमा साहिब में पांच प्यारों की सेवा कर रहे भाई केवल सिंह और बटाला निवासी भाई परविंदरपाल सिंह ग्रंथी का पदभार संभालेंगे।

इसके बाद दोपहर को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह की अध्यक्षता में बैठक शुरू होगी जिसमें पांचों तख्तों के जत्थेदार पहुंचेंगे। जानकारी के अनुसार इस बैठक में दो प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बागी गुट द्वारा दी गई माफी पर चर्चा होने वाली है।

दरअसल, बागी गुट द्वारा दी गई माफी में अध्यक्ष सुखबीर बादल को पूरी तरह से निशाने पर लिया गया है। अनुमान है कि इस बैठक के बाद अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बैठक में स्वर्ण मंदिर के संग्रहालय में खालिस्तान समर्थकों की तस्वीरें लगाने के मामले पर भी विचार किया जाएगा। दो दिन पहले ही ज्ञानी रघबीर सिंह ने स्वर्ण मंदिर परिसर में बने संग्रहालय में खालिस्तानी समर्थकों की तस्वीरें लगाने की इच्छा जताई थी।

स्वर्ण मंदिर में 2023 से अब तक मारे गए तीन आतंकियों की तस्वीरें लगाने पर विचार चल रहा है। इस सूची में पहला नाम हरदीप सिंह निज्जर का है, जिसकी 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सूची में दूसरा नाम खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) के प्रमुख परमजीत सिंह पंजवार का है, जिसकी 6 मई 2023 को लाहौर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, तीसरा नाम गजिंदर सिंह का है, जिसने 1981 में इंडियन एयरलाइंस के विमान को हाईजैक कर लिया था और उसे पाकिस्तान के लाहौर ले गया था। कुछ दिन पहले ही उसकी पाकिस्तान में मौत हो गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें