Site icon Dainik Savera Times

Moga : आप सरकार ने पंजाब के विकास के नाम पर जनता को किया गुमराह : अकाली नेता

Akali-BJP Alliance Will Return to Power in Punjab: Sanny Gill : मोगा। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन से घबराकर आम आदमी पार्टी के नेता और मंत्री बेतुके बयान दे रहे हैं। उन्हें डर सता रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब के लोग आप सरकार को सत्ता से बाहर कर अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार बनाएंगे।

यह बात शिरोमणि अकाली दल के मोगा हलका इंचार्ज संजीत सिंह सन्नी गिल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। सन्नी गिल ने कहा कि आप सरकार के मंत्री पहले अपने गिरेबान में झांकें और बताएं कि उन्होंने पंजाब के लोगों के लिए ऐसा कौन-सा काम किया है, जिस पर प्रदेशवासी गर्व कर सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार झूठे दावों तक सीमित रह गई है और प्रदेश में विकास के नाम पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की रंगाई-पुताई कर उन्हें स्कूल ऑफ एमिनेंस का नाम दिया गया, जबकि सरकारी डिस्पेंसरियों को आम आदमी क्लीनिक में बदलकर मुख्यमंत्री की तस्वीरें लगवाई गईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अब आम आदमी क्लीनिक बंद होने की कगार पर हैं और डॉक्टरों तथा अन्य स्टाफ की कमी के कारण सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल है। सन्नी गिल ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल में पंजाब में बड़े विकास प्रोजेक्ट स्थापित किए गए। बठिंडा में एम्स और केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना हुई तथा तलवंडी साबो में रिफाइनरी स्थापित की गई। मोहाली में इंडियन बिजनेस स्कूल और बठिंडा में महाराजा रणजीत सिंह अकादमी बनाई गई। बठिंडा में कैंसर अस्पताल खोला गया और पंजाब को बिजली सरप्लस राज्य बनाया गया।

उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार ने मां खेल कबड्डी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई और विश्वस्तरीय खेल मुकाबले करवाए। भगवान वाल्मीकि जी की चरण छोह प्राप्त श्री रामतीर्थ मंदिर का करोड़ों रुपये खर्च कर नवीनीकरण करवाया गया तथा सिख विरासत से जुड़ी यादगारों का निर्माण किया गया। सन्नी गिल ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने अकाली दल की सरकार के समय शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार बनने पर बंद योजनाएं दोबारा शुरू की जाएंगी और केंद्र सरकार के सहयोग से पंजाब में बड़े विकास प्रोजेक्ट लाए जाएंगे।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य में एक ही गठबंधन की सरकार होने से पंजाब में विकास की रफ्तार तेज होगी। प्रदेश में खुशहाली लाने के साथ हिंदू-सिख एकता को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग आप सरकार को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठे हैं।

Exit mobile version