Site icon Dainik Savera Times

अकाली दल-भाजपा गठबंधन से पंजाबवासियों में खुशी की लहर: सन्नी गिल

मोगा: शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच दोबारा गठबंधन होने से पंजाब की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है। इस गठबंधन को लेकर पंजाबवासियों में खुशी की लहर है और आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए लोग लंबे समय से दोनों पार्टियों के एक साथ आने की मांग कर रहे थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में गठबंधन पर मुहर लगाई है। यह बात शिरोमणि अकाली दल के मोगा विधानसभा हलका इंचार्ज संजीत सिंह सन्नी गिल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।

सन्नी गिल ने कहा कि अकाली दल और भाजपा का रिश्ता हमेशा छोटे और बड़े भाई जैसा रहा है। दोनों पार्टियों के बीच दोबारा बनी राजनीतिक साझेदारी से पंजाब के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल और देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने इस गठबंधन की नींव रखी थी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस साझेदारी को आगे बढ़ाकर दोनों महान नेताओं की सोच को सम्मान दिया है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी स्पष्ट किया है कि भाजपा गठबंधन में छोटे भाई की भूमिका निभाएगी, जबकि शिरोमणि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। सन्नी गिल के अनुसार, पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर गठबंधन को लेकर चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी और दोनों दल मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में गठबंधन को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा।

सन्नी गिल ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन के बाद मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भी पंजाब की आर्थिक और सामाजिक स्थिति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य पर कर्ज का बोझ बढ़ा है और नशा तस्करी, गैंगस्टरवाद, लूटपाट तथा गोलीबारी जैसी घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता है। उनका आरोप है कि नशे के कारण पंजाब की युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनने पर सबसे पहले गैंगस्टरवाद और ड्रग माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही पंजाब में आपसी भाईचारे को मजबूत करने और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देने को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में बड़े विकास प्रोजेक्ट लाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में काम किया जाएगा।

सन्नी गिल ने कहा कि अकाली दल और भाजपा का गठबंधन श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर होने के कारण भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह राजनीतिक साझेदारी पंजाब में विकास, शांति और भाईचारे को मजबूत करने में भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन के माध्यम से पंजाब को मौजूदा चुनौतियों से बाहर निकालने और राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version