Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा अकाली दल वारिस पंजाब दे, मोगा हलके में पांच सदस्यीय कमेटी गठित

November 13, 2026

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा अकाली दल वारिस पंजाब दे, मोगा हलके में पांच सदस्यीय कमेटी गठित

मोगा: आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अकाली दल वारिस पंजाब दे ने मोगा विधानसभा हलके में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी की ओर से हलका मोगा के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। यह जानकारी हलका मोगा के कार्यकारी इंचार्ज भाई तरनदीप सिंह सिंघांवाला ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से गठित कमेटी में जगजिंदर सिंह बुक्कनवाला, दविंदर सिंह रणियां, बलजीत सिंह जस्स मंगवाला, सुखदीप सिंह झंडेयाना गरबी और एकमकार सिंह चुपकीती को सदस्य नियुक्त किया गया है। इन नेताओं को हलके में पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बनाने और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाई तरनदीप सिंह सिंघांवाला ने कहा कि हलका मोगा से पार्टी के उम्मीदवार गुरमीत सिंह बुक्कनवाला लंबे समय से जेल में बंद हैं। पहले उन्हें असम की डिब्रूगढ़ जेल में रखा गया था और वर्तमान में वह बठिंडा जेल में नजरबंद हैं। उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद हलके के गांवों में पार्टी को लोगों का भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है। चुनावों की तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने और पार्टी की गतिविधियों में तेजी लाने के उद्देश्य से पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।

नवनियुक्त कमेटी सदस्यों ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। गुरमीत सिंह बुक्कनवाला की जीत सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।

इस मौके पर नेताओं ने कहा कि पंजाब लंबे समय से राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक समस्याओं से जूझ रहा है। प्रदेश की सत्ता में रही विभिन्न राजनीतिक पार्टियों ने पंजाब के भविष्य को बेहतर बनाने के बजाय उसे और मुश्किलों में डाल दिया है। मेहनतकश पंजाबियों को आत्मनिर्भर बनाने की जगह ऐसी नीतियां अपनाई गईं, जिनसे आम लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पंजाब के भविष्य को ध्यान में रखते हुए नई सोच और युवा नेतृत्व को आगे लाया जाए।

नेताओं ने सांसद भाई अमृतपाल सिंह खालसा की नजरबंदी का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पंजाब के युवाओं को नशे से दूर करने और उन्हें गुरबाणी तथा सिख सिद्धांतों से जोड़ने के प्रयासों के कारण जेल में रखा गया है। उन्होंने कहा कि अकाली दल वारिस पंजाब दे का उद्देश्य पंजाब को नशामुक्त, अपराधमुक्त और सामाजिक बुराइयों से मुक्त बनाना है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि पंजाब को दोबारा खुशहाल बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अकाली दल वारिस पंजाब दे के उम्मीदवारों का समर्थन करें। नेताओं ने कहा कि पार्टी पंजाब के हितों, नौजवानों के भविष्य और सामाजिक सुधारों को प्राथमिकता देते हुए आगामी विधानसभा चुनावों में मजबूती से मैदान में उतरेगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें