Site icon Dainik Savera Times

अकाली नेता Jaswant Singh Cheema पर जानलेवा हमला, फायरिंग के बाद थाने पहुंचकर बचाई जान

Akali leader Jaswant Singh Cheema firing

Akali leader Jaswant Singh Cheema firing

पंजाब डेस्क: लुधियाना जिले के दोराहा क्षेत्र में अकाली नेता पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। बता दें कि अकाली दल वारिस पंजाब दे के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह चीमा पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। यह हमला उस वक्त हुआ जब वह लुधियाना से अपनी इनोवा कार में दोराहा की ओर लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरथली पुल के पास बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। देर रात अंधेरे में संदिग्ध गतिविधि देख चीमा ने वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ाना ही सुरक्षित समझा। इसी दौरान हमलावरों ने उनकी कार पर गोली चला दी।

कार की खिड़की में लगी गोली

हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली सीधे इनोवा की खिड़की पर जाकर लगी। सौभाग्यवश इस फायरिंग में जसवंत सिंह चीमा को कोई चोट नहीं आई। हालात की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी और सीधे दोराहा थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की सूचना दी।

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना की जानकारी मिलते ही अकाली दल वारिस पंजाब दे के प्रवक्ता संदीप सिंह रुपालों भी थाना दोराहा पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।

ये भी पढ़ें: पंजाब में कड़ाके की ठंड का कहर, घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

दोराहा थाना के एसएचओ ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने और मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

Exit mobile version