Site icon Dainik Savera Times

सोनिया गांधी के बयान पर अकाली दल का पलटवार, सनी गिल ने कांग्रेस से पूछे 1984 दंगों पर सवाल

Akali Leader Questions Congress Over 1984 Anti-Sikh Riots : मोगा। शिरोमणि अकाली दल के हलका मोगा प्रभारी संजीत सिंह सनी गिल ने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बुकिंग ए जर्नी ऑफ लव’ में 1984 के सिख विरोधी दंगों को इतिहास का सबसे दुखद और शर्मनाक अध्याय बताए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सोनिया गांधी के इस बयान के जरिए देश में अपना खोया हुआ राजनीतिक वजूद बहाल करने की नाकाम कोशिश कर रही है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सनी गिल ने कहा कि सोनिया गांधी को यह भी बताना चाहिए कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 में सिखों के कत्लेआम का जिम्मेदार कौन था और उस समय देश का प्रधानमंत्री कौन था? उन्होंने कहा कि अकेले दिल्ली में करीब 2700 सिखों की हत्या की गई।

सिख महिलाओं सहित निर्दोष लोगों के गले में टायर डालकर उन्हें जिंदा जला दिया गया, उनके घरों को आग के हवाले किया गया और गुरुद्वारों पर हमले किए गए। उस समय सोनिया गांधी की क्या भूमिका थी, इस बारे में भी उन्हें जवाब देना चाहिए। सनी गिल ने कहा कि श्री दरबार साहिब पर टैंकों से हमला करवाना और सिखों के सर्वोच्च धार्मिक तख्त श्री अकाल तख्त साहिब को तहस-नहस करना सिख इतिहास के कभी न भुलाए जा सकने वाले काले दिन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये घटनाएं कांग्रेस की सोची-समझी नीतियों का परिणाम थीं। कांग्रेस की नीतियों ने सिख समुदाय को गहरे जख्म दिए हैं, जिन्हें सिख कौम कभी नहीं भुला सकती।

उन्होंने कहा कि यदि सोनिया गांधी को वास्तव में सिख समुदाय के प्रति इतनी हमदर्दी है तो कांग्रेस अपने शासनकाल में 1984 के दंगों के पीड़ित परिवारों को पूरा इंसाफ क्यों नहीं दिला सकी? आज भी पीड़ित परिवार न्याय की आस में हैं और उनके जख्म ताजा हैं। ऐसे में कांग्रेस की ओर से सहानुभूति जताना महज राजनीतिक दिखावा है। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय कांग्रेस द्वारा दिए गए जख्मों को कभी माफ नहीं करेगा। सनी गिल ने आगे कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित किया और देश को अराजकता की ओर धकेला।

उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने देश का भला करने के बजाय जनता को परेशान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टी से देश और समाज के हित में बेहतर उम्मीद नहीं की जा सकती।

Exit mobile version