अमृतसर: अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के युवा नेता एवं दावेदार अक्षय शर्मा लंबे समय से हलके में करवाए जा रहे विकास और जनकल्याणकारी कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बटाला रोड एरिया में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों से मुलाकात की और क्षेत्र के विकास को लेकर उनके सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि अमृतसर उत्तरी विधानसभा का विकास जनता की राय और उनकी जरूरतों के अनुसार ही किया जाएगा।
अक्षय शर्मा ने बताया कि उनकी ओर उनकी टीम की तरफ से क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों को मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाने, युवाओं को रोजगार दिलाने, बच्चों की निःशुल्क शिक्षा, जरूरतमंदों के इलाज में सहायता, जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग तथा मंदिरों, गुरुद्वारों और चर्चों से जुड़े धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सहयोग जैसे प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अक्षय शर्मा ने कहा कि कुछ नेता आज भी 10-15 साल पहले करवाए गए विकास कार्यों का हवाला देकर जनता के बीच आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र के युवा बेरोजगारी से जूझ रहे थे, तब ये नेता कहां थे? जब गरीब परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे थे और बच्चे शिक्षा से वंचित थे, तब उनकी सुध किसने ली? बुजुर्गों को जरूरत के समय सहायता की आवश्यकता थी, तब पिछले साढ़े चार वर्षों में कितने नेता उनके सुख-दुख में शामिल हुए?
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता के बीच आने वाले नेताओं से उनके कामकाज का हिसाब जरूर मांगा जाना चाहिए। लोगों को सोच-समझकर फैसला करना चाहिए कि उन्हें पुराने दावों और वादों पर भरोसा करना है या नई सोच और नए जोश के साथ क्षेत्र के विकास की बात करने वाले नेतृत्व को अवसर देना है।

