Punjab Weather Update: पंजाब इस समय तेज गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने 23 मई तक गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में राहत मिलने की संभावना भी कम दिखाई दे रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, पंजाब में तापमान सामान्य से करीब 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। मंगलवार की तुलना में तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। सबसे ज्यादा गर्मी फरीदकोट में रिकॉर्ड की गई, जहां पारा 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
इन जिलों में ज्यादा असर
आज फिरोजपुर, मोगा, बरनाला, संगरूर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं बाकी जिलों में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। पंजाब में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि चंडीगढ़ में पारा 42 से 45 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान
भीषण गर्मी को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। 23 मई से 30 जून 2026 तक स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि शिक्षकों को 29 और 30 जून को स्कूल आना होगा।
अगले तीन दिनों का मौसम अपडेट
21 मई
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में हीटवेव चलने की संभावना है। वहीं फिरोजपुर, मोगा, बरनाला, संगरूर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गंभीर लू का असर देखने को मिल सकता है।
22 और 23 मई
पठानकोट के कुछ इलाकों को छोड़कर पंजाब के लगभग सभी जिलों में गंभीर हीटवेव का खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें…
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें।
अधिक से अधिक पानी पिएं।
हल्के और सूती कपड़े पहनें।
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढककर रखें।

