जालंधर : जालंधर के सुच्ची पिंड इलाके में एलपीजी गैस की कथित अवैध निकासी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पठानकोट चौक के नजदीक एक खाली प्लॉट में गैस टैंकरों से दिन-दिहाड़े गैस निकालकर सिलैंडरों में भरी जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पाइप के जरिए टैंकरों से सीधे कमर्शियल और घरेलू सिलैंडरों में गैस ट्रांसफर होती दिखाई दे रही है। मामले को लेकर स्थानीय निवासी अहमद ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर इस अवैध गतिविधि पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी दिन गैस लीकेज हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे आसपास के इलाके में भारी नु्क्सान और जनहानि की आशंका है। बताया जा रहा है कि सुच्ची पिंड में स्थित एलपीजी स्टोरेज डिपो से पंजाब और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न इलाकों में गैस की सप्लाई की जाती है। आरोप है कि डिपो से निकलने के बाद कुछ टैंकरों को रास्ते में ही खाली प्लॉट में खड़ा कर दिया जाता है, जहां से गैस की अवैध निकासी की जाती है।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस कारण कई टैंकर अपने गंतव्य तक कम गैस के साथ पहुंचते हैं। जालंधर-पठानकोट रोड स्थित उक्त स्थान से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की मांग की जा रही है। इस मामले में एक अन्य शिकायतकर्ता ठाकुर हेमंत प्रताप सिंह ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके पास गैस चोरी से जुड़े ठोस सबूत मौजूद हैं, लेकिन आरोपियों द्वारा उन्हें मामला दबाने के लिए धमकाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से उन्हें चुप रहने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने 2025 में हुए गैस लीक हादसे का भी जिक्र किया, जिसमें 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना में भी गैस चोरी को कारण माना गया था और तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि पुराने मामले की भी दोबारा जांच की जाए और वर्तमान मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल, इस पूरे मामले ने इलाके में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...