पटियाला : नगर निगम पटियाला में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जारी की जाने वाली सहायता राशि के वितरण में कथित अनियमितता का मामला सामने आने से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। आरोप है कि योजना के एक लाभार्थी के बैंक खाते के स्थान पर अकाउंट ब्रांच के एक क्लर्क का बैंक खाता दर्ज कर दिया गया, जिससे सरकारी सहायता राशि उसी खाते में स्थानांतरित हो गई। मामले में पुलिस थाना सिविल लाइन में संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि नगर निगम ने विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक पात्र व्यक्ति ने नगर निगम में आवेदन किया था। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निगम की ओर से 1.50 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत कर जारी कर दी गई। हालांकि कई दिन बीत जाने के बाद भी लाभार्थी के खाते में राशि नहीं पहुंची। इसके बाद उसने नगर निगम अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जब अधिकारियों ने रिकॉर्ड की जांच की तो कथित तौर पर पता चला कि लाभार्थी के बैंक खाते की जगह अकाउंट ब्रांच में कार्यरत क्लर्क अमनदीप सिंह का बैंक खाता नंबर दर्ज किया गया था।
इसी कारण योजना की राशि लाभार्थी तक पहुंचने के बजाय दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गई। मामले की विस्तृत रिपोर्ट नगर निगम कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल को सौंपी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर निगम प्रशासन ने पुलिस को औपचारिक शिकायत भेजी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना सिविल लाइन ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पूजा सियाल ग्रेवाल ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए विभागीय समिति का गठन किया गया है। समिति सभी पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस थाना सिविल लाइन एसएचओ विनरप्रीत सिंह ने बताया कि कथित आरोपी क्लर्क अमनदीप सिंह पर धोखाधड़ी की धाराओं तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...