Punjab Congress Manifesto: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपना मैनिफेस्टो तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी का कहना है कि इस बार घोषणा पत्र केवल नेताओं की बैठकों में नहीं बनेगा, बल्कि राज्य के अलग-अलग वर्गों के लोगों से सुझाव लेने के बाद उसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
कांग्रेस नेता अमर सिंह ने कहा कि पार्टी ऐसा घोषणा पत्र तैयार करना चाहती है, जो पंजाब की जनता की उम्मीदों, जरूरतों और समस्याओं को सही तरीके से सामने रखे। घोषणा पत्र लोगों की आवाज का दस्तावेज होगा और इसे जमीनी स्तर पर लोगों से बातचीत के आधार पर तैयार किया जाएगा।
पहले होगी मैनिफेस्टो कमेटी की बैठक
अमर सिंह ने बताया कि वह जल्द ही पंजाब का दौरा करेंगे। सबसे पहले पार्टी की मैनिफेस्टो कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की जाएगी। इसके बाद अलग-अलग वर्गों के लोगों से बातचीत शुरू होगी, ताकि उनकी राय और सुझाव सीधे घोषणा पत्र में शामिल किए जा सकें। पार्टी किसानों, मजदूरों, उद्योग जगत से जुड़े लोगों, सरकारी कर्मचारियों, व्यापारियों और अन्य सामाजिक वर्गों से मुलाकात करेगी। इसके अलावा कांग्रेस के जिला अध्यक्षों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक लिया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को समझा जा सके।
लोगों की राय के आधार पर बनेगा घोषणा पत्र
अमर सिंह ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र केवल वादों की सूची नहीं होता, बल्कि यह जनता की इच्छाओं और अपेक्षाओं का प्रतिबिंब होता है। इसलिए कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता गांवों, कस्बों और शहरों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे। सभी सुझावों और राय को एकत्र करने के बाद ही घोषणा पत्र को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी अपने पिछले चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों और उनसे मिले अनुभवों की भी समीक्षा करेगी। साथ ही वर्तमान परिस्थितियों और पंजाब के सामने मौजूद चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए नई योजनाओं और नीतियों को शामिल किया जाएगा।
मुफ्त योजनाओं पर जल्दबाजी में नहीं होगा फैसला
मुफ्त सुविधाओं और योजनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर अमर सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पूरी जिम्मेदारी के साथ फैसला करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब की आर्थिक स्थिति को देखते हुए बिना वित्तीय आकलन के कोई भी वादा नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि केवल वही योजनाएं घोषणा पत्र में शामिल की जाएंगी, जो वास्तव में जरूरतमंद लोगों के हित में हों और जिन्हें राज्य की आर्थिक क्षमता के अनुसार लागू किया जा सके। इस संबंध में विशेषज्ञों और पार्टी नेतृत्व से भी सलाह ली जाएगी।
अमर सिंह ने कहा कि पंजाब इस समय कई आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में कांग्रेस का प्रयास रहेगा कि जनता की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ राज्य की वित्तीय स्थिति का भी ध्यान रखा जाए। पार्टी ऐसा घोषणा पत्र तैयार करेगी, जो लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरे और पंजाब के विकास, रोजगार, कृषि, उद्योग तथा आर्थिक मजबूती के लिए स्पष्ट और व्यवहारिक रोडमैप पेश करे।