न्यूज डेस्क: लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर स्थित बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा के साथ बीते दिन शरारती तत्वों द्वारा की गई छेड़छाड़ को लेकर दलित समाज में भारी रोष है। घटना के बाद पंजाब के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन और रोष देखने को मिल रहा है। वहीं, जालंधर के डिप्टी मेयर मलकीत सुभाना ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है।
डिप्टी मेयर मलकीत सुभाना ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ हुई घटना से दलित भाईचारे की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर हाईकमान की ओर से सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। शरारती तत्व पंजाब की अमन-शांति और भाईचारे का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
जालंधर बंद की कॉल को लेकर डिप्टी मेयर ने कहा कि भले ही समुदाय की ओर से बंद का आह्वान किया गया है, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वह खुद दलित समाज से हैं और इस घटना से व्यक्तिगत रूप से काफी आहत हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
📍 Location: जालंधर नगर निगम (जालंधर)

