Amritpal Singh: अमृतसर जिला अदालत ने खडूर साहिब के सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ के नेता अमृतपाल सिंह को अपनी बीमार दादी से 10 मिनट की वीडियो कॉल पर बात करने की इजाजत दी है। वर्तमान में अमृतपाल सिंह असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बरिंदर सिंह ने अमृतपाल के वकीलों की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। अमृतपाल सिंह की ओर से पेश उनके वकीलों ने अदालत में याचिका दायर की थी और उनकी दादी की बीमारी को देखते हुए अदालत से वीडियो कॉल के जरिए उनसे बातचीत करने की अनुमति मांगी थी।
ये भी पढ़ें- अलायंस ऑफ सिख ऑर्गेनाइजेशन ने चावला मामले की जांच रिपोर्ट पर उठाए सवाल
अमृतपाल सिंह की दादी बुज़ुर्ग हैं और हाल ही में गंभीर बीमारी के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अदालत के आदेश के अनुसार, बुधवार से अगले पांच दिनों के भीतर अमृतपाल सिंह एक बार 10 मिनट के लिए वीडियो कॉल के माध्यम से अपनी दादी का हालचाल पूछ सकेंगे।
अमृतपाल को सख्त नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) के तहत हिरासत में लिए जाने के बाद अप्रैल 2023 से डिब्रूगढ़ जेल में रखा गया है। मार्च 2023 को पंजाब पुलिस ने अमृतपाल और उनके नौ सहयोगियों को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद उन्हें NSA के तहत डिब्रूगढ़ जेल शिफ्ट कर दिया गया। अमृतपाल पर खालिस्तान समर्थन, राज्य के खिलाफ युद्ध भड़काने और रेडिकल विचारधारा फैलाने के आरोप हैं। वे ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब से जीतकर सांसद बने थे।

