गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। पुल संख्या-203 (जीवीडी-यूबीआर सेक्शन) पर जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचने के बाद रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर कई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया है। इसके चलते अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
उत्तर रेलवे द्वारा जारी ऑपरेटिंग बुलेटिन के अनुसार, ट्रेन संख्या 12926 अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 25 जुलाई को ट्रैक उपलब्ध नहीं होने के कारण रद्द रहेगी। इस ट्रेन के रद्द होने से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पुल संख्या-203 के पास जलस्तर अत्यधिक बढ़ जाने के कारण इस मार्ग पर ट्रेन संचालन सुरक्षित नहीं माना गया। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई अन्य ट्रेनों को भी पूरी तरह रद्द करने का फैसला लिया गया है।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनें
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में बांद्रा-वडोदरा, बांद्रा-भगत की कोठी, हापा-मुंबई सेंट्रल, नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल, उदयपुर-बांद्रा, अहमदाबाद-बांद्रा, महुवा-बांद्रा, भावनगर-बांद्रा, पोरबंदर-कोचुवेली और बांद्रा-जयपुर सहित कई लंबी दूरी की ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

