Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर में डेंगू पर वार: हॉटस्पॉट इलाकों में एंटी-लार्वा अभियान, फॉगिंग और स्प्रे तेज

August 22, 2026

अमृतसर में डेंगू पर वार: हॉटस्पॉट इलाकों में एंटी-लार्वा अभियान, फॉगिंग और स्प्रे तेज

अमृतसर: पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा “हर शुक्रवार डेंगू पर वार” अभियान के तहत आज शहर भर में एंटी-लार्वा गतिविधियों, फॉगिंग, स्प्रे तथा लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष टीमें रवाना की गईं। ये टीमें शहर के डेंगू प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में जाकर एंटी-लार्वा कार्रवाई के साथ-साथ फॉगिंग, स्प्रे और जागरूकता अभियान चला रही हैं। इस दौरान सिविल अस्पताल, सरकारी एवं निजी नर्सिंग कॉलेजों के अलावा राम बाग, जहाजगढ़, पुतलीघर, मजीठा रोड, रोडवेज और भगतांवाला सहित अन्य हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया गया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रश्मि विज ने कहा कि बरसात के मौसम में कई स्थानों पर पानी जमा होना स्वाभाविक है, लेकिन जहां पानी रुका रहता है, वहां मच्छरों का प्रजनन तेजी से होता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह मच्छरों के प्रजनन को रोकने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करे और “हर शुक्रवार डेंगू पर वार” अभियान में अपना योगदान दे।

उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक शुक्रवार अपने घरों में कूलरों, फ्रिज की ट्रे, गमलों, पानी की टंकियों, छतों पर पड़े बेकार सामान तथा अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें, क्योंकि डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका मच्छरों के प्रजनन को रोकना है। इसके अलावा पूरी बाजू वाले कपड़े पहनने तथा मच्छर भगाने वाली क्रीम या रिपेलेंट का प्रयोग करने की भी सलाह दी।

जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. हरजोत कौर ने बताया कि डेंगू एक वायरल बीमारी है, जो एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलती है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, उल्टी तथा नाक, मुंह या मसूड़ों से खून आना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि डेंगू के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर निःशुल्क जांच और उपचार करवाना चाहिए।

इससे पहले जिला एम.ई.आई.ओ. अमरदीप सिंह द्वारा लोगों को डेंगू से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया तथा पोस्टर और पैंफलेट भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर सहायक सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर पाल कौर, सहायक मलेरिया अधिकारी गुरदेव सिंह, बलजीत सिंह, एस.आई. सुखदेव सिंह, परमजीत सिंह, राजिंदर सिंह, हरविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, आई.सी. हरमीत सिंह, संजीव कुमार, कुलदीप सिंह, रणजोध सिंह, फील्ड वर्कर तथा ब्रीडिंग चेकर उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें