Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरकारी आईटीआई अमृतसर में विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन जागरूकता सत्र आयोजित

November 18, 2026

सरकारी आईटीआई अमृतसर में विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन जागरूकता सत्र आयोजित

अमृतसर: सरकारी आईटीआई, रंजीत एवेन्यू, अमृतसर में विद्यार्थियों एवं स्टाफ को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा तनाव प्रबंधन के प्रभावी तरीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन के संबंध में जागरूकता पैदा करने के लिए दिए गए निर्देशों की पालना करते हुए यह पहल की गई।

इस अवसर पर अमृतसर के प्रसिद्ध उप्पल अस्पताल की मनोवैज्ञानिक डॉ. बलजीत कौर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने लगभग एक घंटे के विशेष सत्र के दौरान विद्यार्थियों को तनाव के प्रमुख कारणों, इसके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों तथा तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों और प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने पूरी रुचि के साथ भाग लिया और विशेषज्ञ द्वारा दी गई जानकारी से लाभ उठाया। इस अवसर पर संस्थान के प्रिंसिपल इंजीनियर संजीव कुमार शर्मा ने डॉ. बलजीत कौर और उप्पल अस्पताल की समूची टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक मजबूती और सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ मानसिक रूप से मजबूत बनाना भी समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

इस अवसर पर उप्पल अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अशोक उप्पल द्वारा भेजे गए संदेश में कहा गया कि उनका अस्पताल समाज कल्याण के कार्यों में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी सहायता या मार्गदर्शन की आवश्यकता होने पर उप्पल अस्पताल की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों के कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय सामाजिक प्रयास है।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें