Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर के सरकारी स्कूलों में छात्रों को मिल रही मुफ्त करियर काउंसलिंग, शिक्षा और रोजगार के विकल्पों की दी जानकारी

अमृतसर: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर करियर विकल्पों की जानकारी देने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं उद्यमिता ब्यूरो अमृतसर की ओर से आउटरीच कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) कार्यालय के सहयोग से आयोजित इन सत्रों में खासतौर पर 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को मुफ्त करियर मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

जिला रोजगार ब्यूरो की करियर काउंसलर भारती शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप सही करियर चुनने में मदद करना है। काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रम, कौशल विकास तथा रोजगार की संभावनाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है।

इसी अभियान के तहत ब्लॉक अजनाला-2 के सरकारी हाई स्कूल जट्टा पच्चिया में 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। स्कूल पहुंची टीम का प्रधानाचार्य रीता रंधावा ने स्वागत किया। इस दौरान सुखपाल सिंह संधू और भारती शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद कर 10वीं के बाद विषय एवं स्ट्रीम के चयन, आगे की पढ़ाई और करियर की योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।

विद्यार्थियों को केंद्र और पंजाब सरकार की छात्रवृत्ति तथा कौशल विकास योजनाओं के बारे में भी बताया गया। इसके साथ ही अलग-अलग शैक्षणिक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, उपलब्ध स्कॉलरशिप तथा रोजगार के लिए जरूरी कौशल पर भी चर्चा की गई।

काउंसलिंग के दौरान भारतीय सेना में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को भर्ती के लिए आवश्यक योग्यता, उपलब्ध अवसरों और तैयारी के बारे में भी जानकारी दी गई। वहीं जिला रोजगार एवं उद्यमिता ब्यूरो की ओर से संचालित मुफ्त कौशल प्रशिक्षण और विभिन्न कोर्सों के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान काउंसलिंग टीम ने गांव गगर और घुमराई में संचालित मुफ्त सिलाई केंद्रों का भी दौरा किया। टीम ने वहां महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों को दी जा रही प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी ली। इन प्रशिक्षण केंद्रों में विकसित किए जा रहे कौशल को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रिंसिपल राजिंदर कौर, नामधारी संस्था स्त्री विंग की अध्यक्ष भूपिंदर कौर, दलजीत कौर, समाजसेवी सुखचैन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

जिला रोजगार एवं उद्यमिता ब्यूरो के अनुसार, आउटरीच अभियान को आगे भी जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में जारी रखा जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को समय रहते सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर विकल्प चुन सकें।

Exit mobile version