Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर में अवैध डेयरी पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, दो पशु जब्त; संचालकों को सख्त चेतावनी

अमृतसर: नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल और अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त डॉ. जय इंदर सिंह के दिशा-निर्देशों एवं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में नगर निगम अमृतसर द्वारा आज दल मंडी क्षेत्र में संचालित एक अवैध डेयरी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम की टीम ने नियमानुसार दो पशुओं को कब्जे में लेकर नगर निगम की गौशाला भेज दिया।

यह कार्रवाई मेडिकल ऑफिसर हेल्थ (MOH) डॉ. किरण तथा चीफ सैनिटरी ऑफिसर (सी.एस.ओ.) जे.पी. बब्बर की निगरानी में की गई। इस अवसर पर रणजीत सिंह, सी.एस.आई. सरबजीत सिंह, एस.आई. रविंदर राणा, तेजिंदर कुमार तथा पंजाब पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनके सहयोग से यह कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि निगम सीमा के भीतर संचालित अवैध डेयरियां न केवल निगम के नियमों का उल्लंघन करती हैं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं। ऐसी गतिविधियां आम नागरिकों के लिए असुविधा का कारण बनती हैं। नगर निगम शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस संबंध में अभियान निरंतर जारी रहेगा।

अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त डॉ. जय इंदर सिंह ने निगम सीमा के भीतर संचालित सभी अवैध डेयरियों के संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे तत्काल अपनी अवैध गतिविधियां बंद करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध डेयरियों के विरुद्ध नगर निगम का अभियान बिना किसी ढिलाई के लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पशुओं की जब्ती सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डेयरी संचालकों से अपील की कि वे अपना डेयरी व्यवसाय केवल अधिकृत स्थानों से ही संचालित करें।

Exit mobile version