Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर में NRI मिलनी-2026, 75 शिकायतें सुनीं; मंत्री रवजोत सिंह ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

September 23, 2026

अमृतसर में NRI मिलनी-2026, 75 शिकायतें सुनीं; मंत्री रवजोत सिंह ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

अमृतसर: पंजाब के प्रवासी भारतीय मामलों संबंधी मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा प्रवासी पंजाबियों से संबंधित प्रत्येक मामले का समाधान पूरी पारदर्शिता, योग्यता के आधार पर तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेशों में बसे पंजाबियों की समस्याओं के प्रभावी एवं त्वरित समाधान के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

आज अमृतसर के होटल ली-मैरिडियन में आयोजित ‘एन.आर.आई. मिलनी-2026’ के दौरान प्रवासी पंजाबियों को संबोधित करते हुए डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि इस विशेष मिलनी का मुख्य उद्देश्य एन.आर.आईज की समस्याओं को मौके पर सुनना तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश देना है।

आज की एन.आर.आई. मिलनी में माझा क्षेत्र के चार जिलों अमृतसर, तरन तारन, पठानकोट और गुरदासपुर से संबंधित बड़ी संख्या में प्रवासी पंजाबियों ने भाग लिया। इस अवसर पर इन जिलों के सिविल प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे। मिलनी के दौरान प्रवासी पंजाबियों की 75 शिकायतें सुनी गईं और कैबिनेट मंत्री द्वारा संबंधित अधिकारियों को इनके निपटारे के लिए मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि विदेशों में बसे पंजाबी अपनी मिट्टी, संस्कृति और विरासत से गहरा संबंध रखते हैं तथा उन्होंने अपनी मेहनत से दुनियाभर में पंजाब और भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार एन.आर.आईज से संबंधित प्रत्येक मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनवाई और निपटारा सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले 12 एन.आर.आई. मिलनियां आयोजित की जा चुकी हैं, जबकि 8 ऑनलाइन मिलनियां अलग तौर पर आयोजित की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रवासी पंजाबियों द्वारा मुख्य रूप से प्रॉपर्टी विवादों, जमीनों पर अवैध कब्जों, दस्तावेजी त्रुटियों और वैवाहिक मामलों संबंधी शिकायतें दर्ज करवाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ तालमेल करके कार्रवाई कर रही है।

डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि जिन मामलों का निपटारा लंबे समय से लंबित है अथवा जिनमें सुनवाई की प्रक्रिया धीमी है, उनकी वह स्वयं निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा करके इन मामलों का उचित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस अवसर पर अजनाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल, एन.आर.आई. मामलों के सचिव मोहम्मद तैयब, एन.आर.आई. कमीशन के सदस्य कमल गर्ग एवं स. सुखजिंदर सिंह संधू, अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह, पुलिस कमिश्नर हरमंदीप सिंह गिल, एस.डी.एम. गुरमंदर सिंह, सहायक कमिश्नर प्रगति सेठी, डी.सी.पी. जगजीत सिंह वालिया सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें