Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर देहाती का ऑपरेशन प्रहार; 40 कुख्यात अपराधी और तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर : पंजाब सरकार दोबारा पंजाब में अमन और शांति को बहाल रखने और अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजने के लिए ऑपरेशन प्रहार शुरू किया गया है। बार्डर रेंज के पुलिस जिला अमृतसर देहाती में ऑपरेशन प्रहार का असर देखने को मिला है। मंगलवार को एसएसपी अमृतसर देहाती कवलप्रीत सिंह की अध्यक्षता में बॉर्डर के नजदीक स्थित अलग-अलग गांव में ऑपरेशन पर हर चलाया गया। डीआईजी बार्डर रेंज हरमनबीर सिंह गिल इस दौरान विशेष तौर पर वहां पर पहुंचे और ऑपरेशन प्रहार के दौरान पुलिस की उपलब्धियां के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया है कि अमृतसर देहात पुलिस ने नशा तस्करों, गैंगस्टरों और सीमा पार से संचालित अवैध नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर करीब 40 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बड़े नशा तस्कर सुखदेव सिंह को भी दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क की जांच की जा रही है। डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीमें सुबह से ही जिले के कई इलाकों में एक साथ सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

उन्होंने कहा कि सीमा से सटे महुआवा और नेश्टा गांव ड्रोन के जरिए हेरोइन और हथियारों की तस्करी के संवेदनशील केंद्र बन चुके हैं। इसी कारण इन इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और लगातार छापेमारी की जा रही है, ताकि सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से सीमा क्षेत्र में लगाए गए एंटी-ड्रोन सिस्टम से पाकिस्तान की ओर से भेजे जाने वाले ड्रोन की गतिविधियों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है।

इससे नशे और हथियारों की तस्करी रोकने में पुलिस को बड़ी सफलता मिल रही है। डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने गैंगस्टरों और नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे तुरंत आत्मसमर्पण कर दें। यदि वे कानून से बचने की कोशिश करेंगे तो पुलिस उन्हें हर हाल में गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।

Exit mobile version