Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

गांवों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था होगी मजबूत, घर-घर से होगा कूड़ा एकत्रित

November 9, 2026

गांवों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था होगी मजबूत, घर-घर से होगा कूड़ा एकत्रित

Amritsar Villages to Get Better Waste Management System : अमृतसर। जिले के गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए प्रशासन ने ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी तेज कर दी है। अतिरिक्त उपायुक्त पल्लवी मिश्रा ने अधिकारियों और सरपंचों को घर-घर से कचरा एकत्रित करने, गीले-सूखे कचरे को अलग रखने और चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए।

 
 

बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी गांवों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि गांवों में घर-घर जाकर कचरा एकत्रित करने के लिए रेहड़ियों की उचित व्यवस्था की जाए तथा लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया जाए।

इसके साथ ही गांवों में चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण प्रणाली लागू करना सुनिश्चित किया जाए, जिसके तहत गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी वेस्ट तथा खतरनाक घरेलू कचरे को अलग-अलग एकत्रित किया जाए। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरा एकत्रित करने और उसके वैज्ञानिक तरीके से निपटान के लिए गांव स्तर पर उचित व्यवस्था की जाए। इसके अलावा लोगों को कचरे के सही पृथक्करण और प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके।

उन्होंने राउंडग्लास फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर रेशम सिंह को भी निर्देश दिए कि अधिक से अधिक गांवों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएं तथा इस परियोजना को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। बैठक में जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के उपमंडल इंजीनियर, बी.आर.सी., सी.डी.एस. के प्रतिनिधि तथा विभिन्न गांवों के सरपंच और पंचायत सचिव उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें