Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

नामदेव चौक के निकट बुजुर्ग लंबरदार पर अज्ञात बदमाशों ने किया हमला

February 4, 2026

नामदेव चौक के निकट बुजुर्ग लंबरदार पर अज्ञात बदमाशों ने किया हमला

जालंधर: देर शाम नामदेव चौक के निकट उस समय दहशत फैल गई जब मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग नंबरदार के साथ मामूली टक्कर के बाद बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने मारपीट करते हुए लोहे की रोड मारकर घायल कर दिया। मौके पर पहुंचे सिख तालमेल कमेटी के सदस्यों ने हमलावरों का बाइक कब्जे में लेकर थाना चार के हवाले कर दिया तो वहीं आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाते हुए कार्रवाई की मांग की।

पुलिस को दी गई शिकायत में लंबरदार सुरिंदर सिंह निवासी बस्ती शेख ने बताया कि वह अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर नामदेव चौक के निकट स्थित टैक्सी स्टैंड के बाहर से गुजर रहा था। इसी दौरान उनके किसी रिश्तेदार का फोन आ गया तो वह फोन सुनने लगा। इतने में रॉन्ग साइड से आ रहे मोटरसाइकिल सवार युवक ने उनके बाइक में टक्कर मार दी जिससे वह जमीन पर गिर गए और उन्हें चोट लग गई।

ऐसे में जब उन्होंने विरोध जताया तो फोन कर उसने अपने और साथियों को बुला लिया। इसके बाद उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। वहीं बुजुर्ग सुरिंदर सिंह की चीखो-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने बुजुर्ग को उनके चंगुल से मुक्त करवाया और एक मोटरसाइकिल पर सवार युवकों की बाइक की चाबी निकाल ली।

लोगों का हजूम इकट्ठा होते देख हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सिख तालमेल कमेटी के तेजिंदर परदेसी तथा उनके साथियों ने बुजुर्ग लंबरदार सुरिंदर सिंह के घायल होने की सूचना थाना चार की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हमलावरों का मोटरसाइकिल कब्जे में लेकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें