गोराया/फिल्लौर : नैशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टायर फटने के कारण सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से पीछे से आ रहे तेल टैंकर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तेल टैंकर का चालक कैबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे जेसीबी और हाइड्रा की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कैंटर का टायर फट जाने के कारण वह नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़ा था।
इसी दौरान लुधियाना से जालंधर की ओर जा रहा तेल टैंकर अनियंत्रित होकर खड़े कैंटर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक कैबिन में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और गोराया पुलिस मौके पर पहुंच गई। सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें पुलिस कर्मी जसवीर सिंह से हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
जेसीबी और हाइड्रा की सहायता से चालक मनीष को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक फिल्लौर के पास अशाहूर गांव का रहने वाला था। वह एक टैलेंटेड और होनहार फुटबॉल खिलाड़ी के तौर पर जाना जाता था। वह गांव की फुटबॉल टीम का अच्छा खिलाड़ी था और उसकी मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है।