ANTF & BSF : पंजाब में नशीले पदार्थों के खिलाफ जारी अभियान के तहत सुरक्षा एजेंसियों को एक और अहम कामयाबी हाथ लगी है। आपको बता दें कि अमृतसर ज़िले में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) पंजाब और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने मिलकर एक संयुक्त कार्रवाई में सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से की जा रही ड्रग्स तस्करी की कोशिश को विफल कर दिया।
ड्रोन के ज़रिये ड्रग्स तस्करी की कोशिश नाकाम
यह कार्रवाई अमृतसर के लोपोके थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डल्लेके गांव के आसपास की गई। अधिकारियों को सीमा से सटे इलाके में संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों की ठोस खुफिया सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही ANTF और BSF की टीमों ने इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया और खेतों व आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की।
In a major breakthrough, @ANTFPunjab (Border Range), in coordination with BSF, recovers a quantity of suspected heroin weighing approximately 12.050 Kg near Village Dalleke, PS Lopoke, following inputs about drone movement.
A case is being registered, and a preliminary… pic.twitter.com/CwpckE9qiX
— DGP Punjab Police (@DGPPunjabPolice) December 23, 2025
भारी मात्रा में हेरोइन जब्त
तलाशी के दौरान खेतों से एक संदिग्ध पैकेट बरामद किया गया, जिसकी जांच करने पर उसमें करीब 12 किलो 50 ग्राम हेरोइन पाई गई। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी से यह साफ संकेत मिलता है कि तस्कर आधुनिक तकनीक, खासकर ड्रोन, का इस्तेमाल कर सीमा पार से पंजाब में ड्रग्स पहुंचाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
संबंधित कानूनों के तहत एफआईआर दर्ज
इस मामले में संबंधित कानूनों के तहत एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां अब तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया नेटवर्क की मदद से यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस खेप के पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय था, ड्रग्स की सप्लाई कहां की जानी थी और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने इस सफलता पर सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि ड्रोन के ज़रिये होने वाली तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस नशीले पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

