Site icon Dainik Savera Times

नशे के खिलाफ 60 दिन की विशेष मुहिम, 20 हॉटस्पॉट पर फोकस

Anti-Drug Drive in Moga, Focus on 20 Hotspots : मोगा। जिले में नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए प्रशासन ने 20 संवेदनशील क्षेत्रों पर अगले 60 दिनों तक विशेष फोकस करने का फैसला लिया है। डीसी सागर सेतिया ने एनसीओआरडी की बैठक में विभागों को संयुक्त कार्रवाई, नशा तस्करों पर सख्ती और नशे से प्रभावित लोगों के इलाज, पुनर्वास व समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने तथा आपसी तालमेल के साथ परिणाममुखी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी सरताज सिंह चहल, विशेष कार्य अधिकारी (शहरी मामले) हर्षिता शर्मा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) जसपिंदर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) कुलप्रीत सिंह, सभी एसडीएम, एसपी, डीएसपी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

डीसी ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा 1 मार्च 2025 को शुरू की गई ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के तहत जिला प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। अब जिले के नशे से प्रभावित 20 संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए 60 दिनों की विशेष मुहिम चलाई जाएगी। इस दौरान विभिन्न विभाग संयुक्त रूप से नशे को बढ़ावा देने वाले कारणों की पहचान कर उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि नशे की लत में फंसे व्यक्ति और नशा बेचने वाले को एक नजर से नहीं देखा जा सकता।

नशे की गिरफ्त में आए लोगों को डराने या समाज से दूर करने के बजाय उन्हें यह विश्वास दिलाना जरूरी है कि वे नशा छोड़कर सम्मानजनक जीवन दोबारा शुरू कर सकते हैं। नशा मुक्त मोगा का लक्ष्य केवल नशे की सप्लाई रोकना नहीं, बल्कि प्रभावित लोगों को इलाज, काउंसलिंग, पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। डीसी ने ओट क्लीनिकों, निजी नशा मुक्ति केंद्रों और पुनर्वास केंद्रों की नियमित जांच के निर्देश दिए। इसके अलावा मेडिकल दुकानों पर नशीली दवाओं की बिक्री की जांच, संदिग्ध स्थानों व घरों की चेकिंग, नशा तस्करों द्वारा की गई अवैध निर्माणों पर कार्रवाई तथा सिंथेटिक नशों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

संवेदनशील क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें चालू रखने, जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने और सफाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान के साथ हर सप्ताह एक दिन विशेष सफाई अभियान चलाकर इन क्षेत्रों का माहौल बेहतर बनाया जाए। डीसी ने संबंधित विभागों को नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों और प्रस्तावित कदमों संबंधी विस्तृत रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं, नशा बेचने वालों और तस्करों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी न बरतते हुए कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

Exit mobile version