Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

पति को मरा दिखाकर मृत्यु प्रमाणपत्र के लिये किया आवेदन, पति ने अमेरिका से भेजा वीडियो, केस दर्ज

May 20, 2025

पति को मरा दिखाकर मृत्यु प्रमाणपत्र के लिये किया आवेदन, पति ने अमेरिका से भेजा वीडियो, केस दर्ज

जालंधर। जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां, अमेरिका में रहने वाले एक व्यक्ति को मरा दिखाकर उसकी पत्नी ने भारत में जमीन अपने नाम करवाने के लिये मुत्यु प्रमाण पत्र के लिये आवेदन कर दिया है। लेकिन जब पति को इस बात का पता चला, तो उसने वीडियो बनाकर यह साबित कर दिया कि वह जिंदा है। अब इस धोखाधड़ी के मामले में पत्नी सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

अमेरिका में रहते हैं कुलदीप सिंह, 25 साल से नहीं आए भारत
कुलदीप सिंह नाम के व्यक्ति की उम्र करीब 25 साल से अमेरिका में ही बीत रही है। वह वहां अभी तक नागरिक नहीं बन पाए, इसलिए भारत वापस नहीं आ सके। उनका भतीजा सनवीर सिंह ने करतारपुर थाने में शिकायत देकर पूरी घटना की जानकारी दी।

पत्नी ने की धोखाधड़ी की कोशिश
शिकायत के अनुसार, कुलदीप सिंह की पत्नी कमलजीत कौर पहले अपने मायके में रहती थी, लेकिन 2023 में वह अमेरिका चली गई थी। कुछ समय बाद जब वह वापस भारत आई, तो उसने गांव की सरपंच सुमन और पंच सुखदेव सिंह के साथ मिलकर एक साजिश रची।

पति को मृत दिखाकर किया गया आवेदन
कमलजीत कौर और उसके साथियों ने कागजात तैयार करके यह दिखाया कि कुलदीप सिंह अब इस दुनिया में नहीं हैं। इसके आधार पर उन्होंने सरकारी दफ्तर में मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का आवेदन भी कर दिया, ताकि जमीन अपने नाम करवा सकें।

अमेरिका से वीडियो भेजकर कुलदीप ने बताई सच्चाई
जब कुलदीप सिंह को इस योजना की जानकारी मिली, तो उन्होंने अमेरिका से एक वीडियो बनाकर गांव वालों को भेजा। वीडियो में उन्होंने बताया कि वह जिंदा हैं और यह सब उनकी पत्नी और उसके साथियों की धोखाधड़ी है।

डॉक्टर ने की जांच, आवेदन किया खारिज
करतारपुर के सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. सरबजीत सिंह ने बताया कि कमलजीत कौर ने मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए जरूरी कागजात उनके कार्यालय में जमा किए थे। लेकिन जब गांव जाकर जांच की गई, तो सच्चाई सामने आ गई और आवेदन को तुरंत खारिज कर दिया गया।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया
करतारपुर थाना प्रभारी रमनदीप सिंह ने जानकारी दी कि इस मामले में कुलदीप सिंह की पत्नी कमलजीत कौर, सरपंच सुमन और पंच सुखदेव सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश रचने का मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें