Site icon Dainik Savera Times

नवोदय विद्यालय लोहारा में प्रवेश के लिए 30 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन, 10 अप्रैल को होगी प्रवेश परीक्षा

मोगा। जवाहर नवोदय विद्यालय, लोहारा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोनों कक्षाओं में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा-2027 के लिए इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

विद्यालय के प्रिंसिपल राकेश कुमार मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की जन्म तिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए। इसमें दोनों तिथियां शामिल हैं। इसके अलावा विद्यार्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान कक्षा 8वीं उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इसी तरह कक्षा 11वीं में दाखिले के लिए उम्मीदवार की जन्म तिथि 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होनी चाहिए। इसमें भी निर्धारित दोनों तिथियां शामिल हैं। कक्षा 11वीं में आवेदन करने वाले विद्यार्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 10वीं उत्तीर्ण करना जरूरी है।

ऑनलाइन आवेदन के लिए अलग-अलग लिंक

प्रिंसिपल ने बताया कि कक्षा 9वीं के लिए विद्यार्थी निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। वहीं कक्षा 11वीं के लिए भी अलग ऑनलाइन आवेदन लिंक उपलब्ध करवाया गया है। आवेदन करते समय विद्यार्थियों को सभी आवश्यक जानकारी सही-सही भरने के साथ जरूरी दस्तावेजों का भी ध्यान रखना होगा। आवेदन के लिए मोगा जिले का आधार कार्ड अथवा निवास प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।

10 अप्रैल 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा

विद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027, शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, लोहारा, मोगा में आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा के आधार पर पात्र विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से कहा है कि वे अपने बच्चों की पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करवाएं। अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इच्छुक विद्यार्थी और अभिभावक प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, लोहारा से भी संपर्क कर सकते हैं।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version