Site icon Dainik Savera Times

माधव विद्या निकेतन के अरनव एवं विहान क्षेत्रीय विज्ञान मेले में करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन

अमृतसर: माधव विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय विज्ञान एवं गणित मेला में आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। मलेरकोटला में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कक्षा दसवीं के छात्र अरनव और कक्षा पांचवीं के छात्र विहान का चयन क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी आगामी प्रतियोगिता में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन करेंगे।

विज्ञान प्रतियोगिता के किशोर वर्ग मॉडल मेकिंग में अरनव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शिशु वर्ग मॉडल मेकिंग में विहान ने प्रथम स्थान हासिल किया। किशोर वर्ग मॉडल मेकिंग में तनिष, राजदीप और सार्थक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, किशोर वर्ग विज्ञान प्रयोग प्रतियोगिता में शगुन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। राज्य स्तरीय विज्ञान मेले में विद्यालय के कुल 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अन्य विद्यार्थियों ने भी सहभागिता पुरस्कार प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक अभिरुचि का परिचय दिया।

इसी क्रम में डेराबस्सी में आयोजित राज्य स्तरीय गणित प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। किशोर वर्ग मॉडल मेकिंग में जतस्य तथा बाल वर्ग मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता में गुरलीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रतिभागियों को भी सहभागिता पुरस्कार प्रदान किए गए।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रीना ठाकुर एवं प्रबंध समिति ने सभी विजेता विद्यार्थियों, प्रतिभागियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने अरनव और विहान के क्षेत्रीय स्तर के लिए चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन, रचनात्मक सोच और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएँ दीं।

Exit mobile version