पंजाब डेस्क: अमृतसर के मजीठा इलाके में आज सुबह एक बड़ी वारदात हो गई। बता दें कि पंजाब पुलिस के एक ASI की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब पुलिसकर्मी अपनी स्कूटी पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में उन्हें घेरकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान ASI जोगा सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब पुलिस के ट्रैफिक विभाग में तैनात थे। बताया जा रहा है कि वे गुरदासपुर जिले के गांव घणिए, बांगर क्षेत्र के निवासी थे। रविवार सुबह करीब 6 बजे वह अपनी स्कूटी पर अमृतसर की ओर जा रहे थे।
हमलावरों ने रास्ते में रोककर चलाई गोलियां
जानकारी के मुताबिक मजीठा से कुछ दूरी पहले दो हमलावर बाइक पर आए और ASI जोगा सिंह की स्कूटी को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। ASI को दो गोलियां लगीं एक सीने के बाईं ओर और दूसरी कमर में लग गई। सुबह का समय होने के कारण सड़क पर आवाजाही कम थी, जिससे घायल पुलिसकर्मी को तुरंत मदद नहीं मिल सकी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। SSP सुहेल मीर कासिम, DSP कमलमीत सिंह और SHO करमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं, जबकि पुलिस ने गोलियों के खोल भी बरामद किए हैं।
ये भी पढ़ें…
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों की जांच जारी है।इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

