Site icon Dainik Savera Times

रास्ते के विवाद में मारपीट, चार पर केस

Assault over a right-of-way dispute : मोगा। थाना कोट ईसे खां के गांव दातेवाला में रास्ते को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। पुलिस ने करनपाल सिंह से कथित मारपीट, चोट पहुंचाने और धमकियां देने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

घायल करनपाल सिंह को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में करनपाल सिंह पुत्र बेअंत सिंह निवासी गांव दातेवाला, जिला मोगा, ने बताया कि वह अपने ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत से अपने घर की ओर आ रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह अपने घर के नजदीक पहुंचा तो वहां नवी पुत्र लखविंदर सिंह उर्फ लखी, विशाल सिंह पुत्र गुरजंट सिंह तथा सुरजीत सिंह उर्फ सुंदर पुत्र दौलत सिंह, और एक अज्ञात पुत्र गुरजंट सिंह सभी निवासी गांव दातेवाला, कथित तौर पर मौजूद थे। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे रास्ते में घेर लिया और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी।

उसने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे चोटें भी आईं और आरोपियों ने उसे धमकियां दीं। घटना के बाद घायल करनपाल सिंह को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच गली से गुजरने को लेकर विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसका ट्रैक्टर रास्ते में आरोपियों द्वारा डाली गई बजरी के ऊपर चढ़ गया था। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और बाद में विवाद मारपीट तक पहुंच गया। शिकायत के आधार पर थाना कोट ईसे खां पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सहायक थानेदार जसवंत सिंह द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस टीम घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करने के साथ-साथ मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और उनके बयान दर्ज कर रही है।

Exit mobile version