Attack on brothers returning from a Jagran : मोगा। के गांव मल्लके में जगराते से लौट रहे दो भाइयों और उनके दोस्त पर कथित तौर पर किरच व लाठियों से हमला कर दिया गया। हमले में 15-16 वर्षीय जशनप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और दोस्त घायल हो गए। पुलिस ने एक नामजद समेत तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना समालसर पुलिस ने इस मामले में एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इकबाल सिंह के अनुसार, पुलिस को दी शिकायत में रमनदीप सिंह पुत्र जुगराज सिंह निवासी माड़ी, जिला मोगा ने बताया कि वह अपने भाई जशनप्रीत सिंह (15-16 वर्ष) और भाई के दोस्त हरजीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव मल्लके में जगराते में शामिल होने गया था। जगराते से वापस लौटते समय गांव मल्लके निवासी अंग्रेज सिंह पुत्र बिक्कर सिंह और उसके दो अज्ञात साथियों ने उन्हें घेर लिया और कथित तौर पर किरच व लाठियों से हमला कर दिया। हमले में जशनप्रीत सिंह और हरजीत सिंह घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया गया।
जशनप्रीत सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उसे पहले गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट और बाद में एम्स अस्पताल, बठिंडा रेफर किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, बठिंडा ले जाते समय रास्ते में जशनप्रीत सिंह की मौत हो गई। थाना प्रभारी इकबाल सिंह ने बताया कि रमनदीप सिंह की शिकायत के आधार पर अंग्रेज सिंह सहित दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

